Home / मुख्य ख़बर / रोटरी पीस समिट में शांति और सद्भाव का संदेश, ‘पीस पोल’ का अनावरण…

रोटरी पीस समिट में शांति और सद्भाव का संदेश, ‘पीस पोल’ का अनावरण…

हरिद्वार। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्लबों—रोटरी हरिद्वार, रोटरी ऋषिकेश दिवास, रोटरी रुड़की, रोटरी रुड़की मिडटाउन एवं रोटरी रुड़की अपर गंग्स के संयुक्त तत्वावधान में हरिद्वार विश्वविद्यालय, बाजूहेड़ी (रुड़की-हरिद्वार कैनाल रोड) में रोटरी पीस समिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शांति, सहयोग और सद्भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित “पीस पोल” के अनावरण के साथ हुई, जो शांति और एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शिरकत की और छात्रों व उपस्थित जनों को शांति, सहिष्णुता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथियों में हरिद्वार विश्वविद्यालय के चांसलर सीए सत्येन्द्र गुप्त एवं रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के मंडलाध्यक्ष रो. रवि प्रकाश उपस्थित रहे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस शबेहूल हसनैन और जस्टिस बी.एस. वर्मा ने न्याय, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
समिट के दौरान एक पैनल डिस्कशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की एक अध्यापिका और दो विद्यार्थियों के साथ रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत और रोटरी रुड़की की रो. ऋचा अहलावत ने भाग लिया। पैनल चर्चा का संचालन रो. मुजीब मलिक ने किया। कार्यक्रम का संचालन रो. पवित्र अरोड़ा ने प्रभावशाली ढंग से किया।
समिट में धैर्य बनाए रखने, आपसी सम्मान बढ़ाने, दूसरों की परिस्थितियों को समझने, सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांचने और युवाओं को ज्ञान व विवेक के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोटेरियन्स, गणमान्य व्यक्ति, विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण मौजूद रहे। आयोजन ने समाज में शांति और सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!