
हरिद्वार। शिव शक्ति धाम की परमाध्यक्ष साध्वी अंजना देवानंद गिरी का पट्टाभिषेक समारोह गुरुवार को संत महापुरूषों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पट्टाभिषेक समारोह में साध्वी अंजना देवानंद गिरी को निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर नियुक्त किया जाएगा। अखाड़े के पंच परमेश्वर के सानिध्य में आयोजित पट्टाभिषेक समारोह में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद महाराज सहित सभी तेरह अखाड़ों के संत महापुरूष तिलक चादर प्रदान कर साध्वी अंजना देवानंद गिरी का महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक करेंगे। श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने बताया कि पट्टाभिषेक समारोह में कई राजनेता व गणमान्य लोग शामिल होंगे। श्रीमहंत रामरतन गिरी ने श्रद्धालु भक्तों से पट्टाभिषेक समारोह में शामिल होने की अपील भी की। साध्वी अंजना देवानंद गिरी ने कहा कि निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर के रूप में संत महापुरूषों की सेवा और मानव कल्याण में योगदान करना मेरे जीवन का उद्देश्य है।
