
हरिद्वार। कनखल स्थित मै. पुष्पक गैस सर्विस (भारत गैस) की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पूर्ति निरीक्षक कनखल ने मामले का संज्ञान लेते हुए गैस एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार व्हाट्सएप और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करीब 40 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में वाहन संख्या UK08CA/6013, जिस पर पुष्पक गैस एजेंसी हरिद्वार (भारत गैस) लिखा हुआ है, दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति वाहन के अंदर खड़े होकर गैस सिलेंडर के साथ छेड़छाड़ करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति वाहन चला रहा है। बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ करने पर वाहन वहां से चला गया।
पूर्ति निरीक्षक कनखल ने बताया कि उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर बैठकों, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से गैस वितरण से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद इस प्रकार की गतिविधि एजेंसी की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
इस संबंध में गैस एजेंसी को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है तो एजेंसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
