
हरिद्वार। जनपद के मंगलौर क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। लूटी हुई टैक्सी कार से भाग रहे बदमाशों ने तेज रफ्तार में स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार 65 वर्षीय अनिल त्यागी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलौर क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बदमाश लूटी हुई टैक्सी कार से भाग रहे थे और इसी दौरान उन्होंने स्कूटी सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बदमाश कार को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। मृतक अनिल त्यागी ग्राम कुआंहेड़ी के निवासी बताए जा रहे हैं, जो किसी काम से जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने लूटी हुई कार को अपने कब्जे में लेकर फरार बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
