हरिद्वार ऑब्स एंड गायने सोसायटी तथा आईएमए हरिद्वार द्वारा एक नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन…

हरिद्वार। गुरुवार को मध्य हरिद्वार स्थित मेहरा नर्सिंग होम में हरिद्वार ऑब्स एंड गायने सोसायटी तथा आईएमए हरिद्वार द्वारा एक नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें हरिद्वार ऑब्स एंड गायने सोसायटी के सदस्यों द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सर्वाइकल कैंसर की समय पर पहचान के विषय में आवश्यक जानकारी दी गई। शिविर में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेषज्ञ स्त्री रोग चिकित्सकों द्वारा लगभग 18 महिलाओं की जांच की गई तथा पैप स्मीयर एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया, साथ ही उपस्थित महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के लक्षण, जोखिम कारक, रोकथाम के उपाय एवं एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन नियमित जांच और समय पर उपचार से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता की कमी के कारण कई महिलाएं प्रारंभिक जांच नहीं करा पातीं, जिससे बीमारी उन्नत अवस्था में पकड़ में आती है।
शिविर के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को नियमित अंतराल पर सर्वाइकल कैंसर की जांच अवश्य करानी चाहिए।
हरिद्वार ऑब्स एंड गायने सोसायटी ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करने का संकल्प लिया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं तक जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें। इस अवसर पर संरक्षक डॉ. नीता मेहरा, अध्यक्ष डॉ. सीमा गुप्ता, सचिव डॉ. मनप्रीत कौर, डॉ. सोनाली वशिष्ठ, डॉ. विभा, डॉ. अंतिमा, डॉ. अनुपमा आदि वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा भाग लिया गया। आईएमए हरिद्वार की ओर से अध्यक्ष डॉ. विपिन मेहरा, सचिव डॉ. प्रेम लूथरा, उपाध्यक्ष डॉ. अन्नू लूथरा, कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश सिंहल तथा डॉ. जसप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे। आईएमए द्वारा सभी स्त्री रोग विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया गया।

