
देहरादून / हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी ने मात्र 45 वर्ष की आयु में नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवाओं के लिए एक बड़ा और प्रेरणादायक संदेश दिया है।
सुनील सैनी ने कहा कि यह केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनरेशन-जी (Gen G) को राजनीति से जोड़ने और एक लाख युवाओं को राजनीति में आने का जो आह्वान किया गया था, नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना उसी संकल्प का साकार रूप है। उन्होंने कहा कि मोदी जी केवल कहते नहीं, करके दिखाते हैं।
राज्य मंत्री ने कहा कि नितिन नवीन केवल एक नाम नहीं, बल्कि सोच, संकल्प और सेवा की पहचान हैं। उन्होंने कम उम्र में ही संगठन की सर्वोच्च जिम्मेदारी संभालने का विश्वास अर्जित किया है, जो उनकी कार्यक्षमता और समर्पण को दर्शाता है।
सुनील सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक मजबूत होगी तथा विकसित भारत के निर्माण की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव की है।
अंत में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
